कबूतरा समुदाय के दोनों पक्षों के 11 लोग घायल, सात आरोपी गिरफ्तार; लापरवाही पर सदर चौकी प्रभारी निलंबित
ललितपुर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े ठिकाने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मऊमाफी और बम्होरी डेरा के बीच कबूतरा समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह अवैध शराब बेचने के स्थान को लेकर बताई जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। अचानक हुए संघर्ष से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
दोनों पक्षों के 11 लोग घायल
मारपीट और पथराव की इस घटना में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के आठ लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
सात आरोपी गिरफ्तार, चौकी प्रभारी निलंबित
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर सदर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। चौकी प्रभारी पर कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मची हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।



