मालखाने का चार्ज सौंपने के दौरान हुआ हादसा, दो पुलिसकर्मी निलंबित
ललितपुर-जिले के जाखलौन थाने में शुक्रवार को सरकारी पिस्टल से दुर्घटनावश गोली चलने से निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाने लाया गया एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ललितपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। मामले में लापरवाही के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को कस्बा जाखलौन में मकान निर्माण को लेकर दो सगे भाइयों राजाराम और हरदयाल के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार दोनों को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाने लाए थे। शाम करीब 4:05 बजे थाने में दाखिले की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान मालखाने के चार्ज का आदान-प्रदान करते समय सरकारी पिस्टल से अचानक फायर हो गया।
गोली फर्श से टकराकर उछली और राजाराम पुत्र बालचंद्र अहिरवार (36), निवासी कस्बा व थाना जाखलौन, के बाएं पैर में टखने के पास तथा हाथ में कोहनी के ऊपर लग गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही के आरोप में हेड कांस्टेबल नईम और कांस्टेबल राज को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है।



