
गोली लगने से एक हुआ घायल, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
ललितपुर। पशु चोरों और थाना नाराहट पुलिस बीच बृहस्पतिवार की शाम को पांडुवन के जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जबावी फायरिंग में एक बदमश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। जबकि भाग रहे उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और एक बाइक सहित 9900 रुपये बरामद किए। गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष नाराहट दयाशंकर सिंह अपनी टीम के साथ बृहस्पतिवार की शाम को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पांडुवन जंगल क्षेत्र में पशुओं की चोरी करने वाले बदमाशों के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बाइक सवार दो लोग भागने लगे। पुलिस ने उनको रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया। जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जबावी फायर किया तो एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर बाइक सहित गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश और भाग रहे उसके साथी को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में घायल ने अपना नाम अरबाज निवासी ग्राम उत्तमधाना बताया। जबकि दूसरे ने अपना नाम हासिम निवासी ग्राम उत्तमधाना थाना जाखलौन बताया। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस सहित बाइक बरामद किया। पूछताछ़ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वह और उसके गिरोह के सदस्य मिलकर मवेशियों की चोरी करते हैं । इसके लिए पहले वह लोग अलग अलग थाना क्षेत्रों में रैकी करते है। सुनसान जगहों, खेत, व घरों से मौका पाकर मवेशियों को चोरी कर ले जाते, इसके बाद इनको दूसरे जनपदों में लेकर जाकर बेच देते और मोटा मुनाफा कमाते। उक्त रुपयों को वह लोग आपस में बांट लेते और अपने ऐशो आराम पर खर्च करते। 17 मई की रात को उन लोगों ने ग्राम दौलतपुर से भैंसे व उनके बच्चे चोरी किया था। उक्त मवेशियों को उन्होंने बेच दिया था और जो रुपया मिला था उसे खर्च कर दिया था। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने पशु चोरी कर उनको बेचने वाले बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की बात कही।
इनका यह है कहना
पशुओं की चोरी कर उनको बेचने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा। पुलिस की ओर से की गई जबावी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ है। जबकि दूसरे को मौके से पकड़ा है। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और नकद रुपये बरामद हुए है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। कालू सिंह
अपर पुलिस अधीक्षक


