
धूमधाम से हुआ गरबा व डांडिया कार्यक्रम का आयोजन
ललितपुर। श्री सिद्धपीठ चंडी मंदिर धाम पर अष्टमी की रात्रि मंगलवार को गरबा, डांडिया व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ परमपूज्य अनंतवभूषित चंडीपीठाधीश्वराचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी चन्द्रेश्वरगिरी जी महाराज ने किया।

इस दौरान महाराज जी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व सनातन धर्म की एकता का प्रतीक है। सभी लोग नवरात्र के पर्व में 9 दिन एकता के साथ मां की आराधना करते है। मां की आराधना का बड़ा महत्व बताया गया है। श्री देवी भागवत महापुराण में इसकी स्पष्ट व्याख्या की गयी है।

उन्होंने कहा कि इस पुराण के श्रवण व वाचन से स्वाभाविक रूप से पुण्य और चेतना की शुद्धि, आदि शक्ति भगवती के प्रति आकर्षण और विषयों का त्याग होता है। मनुष्यों को सांसारिक और पारलौकिक हानि और लाभ का सच्चा ज्ञान होता है, साथ ही जो जिज्ञासु और चाहने वाले होते हैं। उन्हें शास्त्रोक्त मर्यादा के अनुसार जीवन जीने के लिए कल्याणकारी ज्ञान, सुंदर एवं पवित्र जीवन जीने की शिक्षा भी इस पुराण से मिलती है। इस प्रकार यह पुराण जिज्ञासुओं के लिए अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक तथा उनकी सच्ची समृद्धि में पूर्ण सहायक है। भागवत के एक श्लोक अथवा आधे श्लोक का भी भक्ति भाव से नित्य पाठ करता है, उस पर देवी प्रसन्न हो जाती है। अनेकों उत्पात भी देवी भागवत के श्रवण मात्र से शमन हो जाते हैं। पूतना आदि बालग्रहकृत तथा भूतप्रेतजनित जो भय है, वे इस देवी भागवत के श्रवण से पास भी नहीं फटक सकते। भक्तिपूर्वक देवी भागवत का पाठ और श्रवण करने वाला मनुष्य धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के फल का अधिकारी हो जाता है। जिसके घर में श्रीमद्देवीभागवत की पुस्तक का नित्य पूजन होता है, वह घर तीर्थ स्वरूप हो जाता है। वहां रहने वाले लोगों के पास पाप नहीं टिक सकते। जो अष्टमी, नवमी अथवा चतुर्दशी के दिन भक्ति के साथ यह कथा सुनता या पढ़ता है, उसे परमसिद्धि उपलब्ध हो जाती है। इस दौरान सरदार बीके सिंह, विजय जैन कल्लू, मनीष अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण साहू, राजेश दुबे, अनूप मोदी, राहुल शुक्ला, डाॅ विकास चौबे,अश्विनी पुरोहित, लखन यादव, विवेक जैन जिमी, सोनाली जैन, डा. विशाल जैन, शत्रुघन यादव, दिनेश पाठक, कमलेश गोस्वामी, बीके अग्रवाल, पार्षद मनमोहन चौबे, संतोष साहू, लखन यादव, राजकुमारी सिंह, विवेक रावत, बाबा हीरानंद गिरी, शांतनु पुरोहित, अमित संज्ञान आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन बृजमोहन संज्ञा ने किया।

चंडी मंदिर पर आज मनाया जायेगा विजयादशमी का पर्व
श्री सिद्वपीठ चंडी मंदिर धाम पर आज गुरूवार को विजयादशमी का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। इस दौरान रावण के विशाल पुतले का दहन, दशहरा मिलन कार्यक्रम व रंगारंग आतिशबाजी का आयोजन होगा। जिसमें गणमान्य अतिथि भाग लेंगे। रावण के पुतले का दहन रात्रि 8 बजे होगा।


